18 अक्टूबर से शुरू हुआ बदलाव, बिहार जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सुविधा; तीनों ट्रेनें सामान्य श्रेणी के डिब्बों से चलेंगी
इंदौर/रतलाम। त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने तीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इनमें एक ट्रेन का गंतव्य झंझारपुर से बदलकर जयनगर किया गया है, जबकि दो अन्य ट्रेनों को संत हिरदाराम नगर-बीना के बजाय पालधी, खंडवा और इटारसी के रास्ते चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे के इस फैसले से मध्य प्रदेश के रास्ते बिहार जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, यात्रियों की सुविधा और त्योहारी सीजन में यात्रा की संभावित मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। तीनों ट्रेनें द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बों के साथ संचालित होंगी।
झंझारपुर की जगह अब जयनगर तक जाएगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 09047/09048 उधना-जयनगर साप्ताहिक अनारक्षित स्पेशल 14 फेरों में संचालित होगी। पहले यह ट्रेन उधना से झंझारपुर तक चलने वाली थी, लेकिन अब इसका गंतव्य जयनगर कर दिया गया है। ट्रेन नंबर 09047 उधना से प्रत्येक रविवार सुबह 5:30 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 7 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 09048 प्रत्येक सोमवार रात 9 बजे जयनगर से चलकर बुधवार दोपहर 1:45 बजे उधना पहुंचेगी। इसका संचालन 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक और वापसी सेवा 19 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है।
खंडवा-इटारसी होकर चलेंगी दो ट्रेनें
ट्रेन नंबर 09073/09074 और 09071/09072 उधना-जयनगर साप्ताहिक अनारक्षित स्पेशल के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। अब ये ट्रेनें संत हिरदाराम नगर-बीना-मानिकपुर के बजाय पालधी, खंडवा, इटारसी और मानिकपुर होकर चलेंगी। दोनों ट्रेनों के चार-चार फेरे निर्धारित किए गए हैं। इनका संचालन 18 और 25 अक्टूबर को उधना से तथा 20 और 27 अक्टूबर को जयनगर से किया जाएगा।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
बदले मार्ग से चलने वाली दोनों ट्रेनों का ठहराव खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। वहीं, पहली ट्रेन चलथान, बारडोली, नंदुरबार, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, बक्सर, आरा, मुजफ्फरपुर और दरभंगा समेत विभिन्न स्टेशनों पर रुकेगी।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के मार्ग, समय और ठहराव की जानकारी अवश्य जांच लें।