जयनगर, झंझारपुर और मधुबनी तक मिलेगी सीधी रेल सुविधा; 7 और 8 नवंबर से अलग-अलग तारीखों पर होंगी रवाना, इंदौर-खंडवा-जबलपुर रूट के यात्रियों को भी लाभ
इंदौर। त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने पांच जोड़ी अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें गुजरात के उधना से बिहार के जयनगर, झंझारपुर और मधुबनी के लिए संचालित होंगी। इन ट्रेनों के चलने से बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि सभी ट्रेनें मध्यप्रदेश के प्रमुख रेल मार्गों से होकर गुजरेंगी। इनमें खंडवा, इटारसी, जबलपुर और कटनी जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, यात्रियों की सुविधा और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से विशेष किराये पर इन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। सभी ट्रेनें द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बों के साथ चलेंगी। प्रत्येक जोड़ी के दो फेरे निर्धारित किए गए हैं।
पांच ट्रेनों का संचालन, जानिए पूरा समय और ठहराव
1\. उधना-जयनगर स्पेशल (09043/09044)
ट्रेन संख्या 09043 उधना-जयनगर अनारक्षित विशेष 7 नवंबर को रात 9 बजे उधना से रवाना होकर सोमवार को सुबह 10 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09044 9 नवंबर को दोपहर 1 बजे जयनगर से रवाना होकर बुधवार रात 1.45 बजे उधना पहुंचेगी।
2\. उधना-जयनगर स्पेशल (09051/09052)
ट्रेन संख्या 09051 उधना से 7 नवंबर को रात 10.30 बजे रवाना होगी और सोमवार सुबह 11.30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09052 9 नवंबर को दोपहर 2.30 बजे जयनगर से चलेगी और बुधवार सुबह 3.15 बजे उधना पहुंचेगी।
3\. उधना-जयनगर स्पेशल (09057/09058)
ट्रेन संख्या 09057 8 नवंबर को दोपहर 3 बजे उधना से रवाना होगी और मंगलवार सुबह 4 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09058 10 नवंबर को सुबह 7 बजे जयनगर से रवाना होकर अगले दिन शाम 7.45 बजे उधना पहुंचेगी।
4\. उधना-झंझारपुर स्पेशल (09053/09054)
ट्रेन संख्या 09053 8 नवंबर को सुबह 3.30 बजे उधना से रवाना होकर अगले दिन शाम 4 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09054 9 नवंबर को शाम 7 बजे झंझारपुर से चलेगी और बुधवार सुबह 8.15 बजे उधना पहुंचेगी।
5\. उधना-मधुबनी स्पेशल (09055/09056)
ट्रेन संख्या 09055 8 नवंबर को सुबह 7 बजे उधना से रवाना होकर अगले दिन शाम 7 बजे मधुबनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09056 9 नवंबर को रात 11.30 बजे मधुबनी से रवाना होकर बुधवार सुबह 11.45 बजे उधना पहुंचेगी।
मध्यप्रदेश के इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
पांचों ट्रेनें अलग-अलग निर्धारित मार्गों से चलेंगी। इनके प्रमुख ठहराव चलथान, बारडोली, नंदुरबार, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन रहेंगे।
इसके अलावा बिहार के बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा जैसे स्टेशनों पर भी ठहराव दिया गया है। जयनगर जाने वाली ट्रेनों का मधुबनी में भी ठहराव रहेगा, जबकि झंझारपुर जाने वाली ट्रेन सकरी स्टेशन पर रुकेगी। मधुबनी जाने वाली ट्रेन दरभंगा तक निर्धारित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेगी।
रेलवे के इस निर्णय से त्योहारों पर घर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। सभी ट्रेनें अनारक्षित श्रेणी की होने से सामान्य डिब्बों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।