← वापस
इंदौर

त्योहारों से पहले 6.80 लाख का घी जब्त, 18 नमूने जांच में  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
त्योहारों से पहले 6.80 लाख का घी जब्त, 18 नमूने जांच में

 

गुजरात से इंदौर पहुंचा था मंथन और श्री आनंद ब्रांड का घी; रिपोर्ट आने तक रहेगी जब्ती

इंदौर। त्योहारों के पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने स्कीम नंबर 51 स्थित मां बगलामुखी एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। यहां गुजरात में निर्मित मंथन और श्री आनंद ब्रांड का करीब 1750 लीटर घी जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 6.80 लाख रुपए बताई गई है।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में दोनों ब्रांड का घी अलग-अलग पैकिंग और आकार में बिक्री के लिए रखा मिला। अधिकारियों ने अलग-अलग पैकिंग आकार और बैच से 18 नमूने जांच के लिए लिए हैं। प्रतिष्ठान से मिली जानकारी के अनुसार यह घी गुजरात में निर्मित होने के बाद इंदौर पहुंचा था।

      निर्माता से लेकर विक्रेता तक निगरानी

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि दूसरे राज्यों से मध्यप्रदेश में आने वाले घी और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत निर्माता, भंडारण केंद्र, थोक विक्रेता और बिक्री प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध पूरा 1750 लीटर घी जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया है। नमूनों की जांच के बाद ही इसकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि घी अमानक, मिलावटी या असुरक्षित पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि अमानक खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में भी खाद्य पदार्थों की जांच लगातार की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।

खबरें और भी हैं...