← वापस
धार

त्योहारों से पहले अपराधियों पर शिकंजा, दो हफ्ते में बाउंडओवर की कार्रवाई पूरी करने का लक्ष्य!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
त्योहारों से पहले अपराधियों पर शिकंजा, दो हफ्ते में बाउंडओवर की कार्रवाई पूरी करने का लक्ष्य!

 

अवैध शराब-नशा तस्करी पर विशेष अभियान, जिलाबदर की तैयारी; फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश

धार। आगामी त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और शादी-ब्याह के सीजन से पहले जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रशासन ने सख्ती की तैयारी शुरू कर दी है। अवैध शराब, नशा तस्करी, विस्फोटक सामग्री के भंडारण और हाईवे के ढाबों-होटलों में होने वाली अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने समीक्षा बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों और अपराध के हॉटस्पॉट चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, आदतन अपराधियों पर जिलाबदर और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेज करने को कहा गया है।

    नशा तस्करों की संपत्तियों पर भी नजर

मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आदतन नशा तस्करों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ व्यावसायिक मात्रा से जुड़े मामलों में अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार करने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय से काम करना होगा।

 दो सप्ताह में बाउंडओवर, जिलाबदर के प्रकरण तैयार होंगे

गंभीर और आदतन अपराधियों के खिलाफ जिलाबदर के प्रकरण तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया है। जिन मामलों में जिलाबदर की कार्रवाई संभव नहीं है, उनमें आगामी दो सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत बाउंडओवर की कार्रवाई पूरी करने का लक्ष्य दिया गया है। इसका उद्देश्य अपराधियों पर कानूनी शिकंजा कसना और अपराधों की पुनरावृत्ति रोकना है।

  जहरीली शराब से लेकर रसायनों के भंडारण तक जांच

त्योहारों और शादी-ब्याह के आयोजनों के दौरान अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री रोकने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग विशेष अभियान चलाएंगे। धार शहर के संवेदनशील इलाकों में शराब के अवैध निर्माण, भंडारण और आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच की जाएगी।

   इसके साथ ही 500 किलोग्राम से अधिक रसायनों का भंडारण करने वाले गोदामों और अन्य ठिकानों का भौतिक सत्यापन होगा। लाइसेंस की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के साथ विस्फोटक सामग्री के लाइसेंसधारियों की राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें जांच करेंगी।

 हाईवे के ढाबों पर आकस्मिक जांच, वारंटियों की धरपकड़

राष्ट्रीय और अन्य राजमार्गों के ढाबों तथा होटलों पर आकस्मिक जांच कर अवैध शराब और मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने लंबित गैर-जमानती वारंटों की तामीली, फरार एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

   बैठक में कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित संबंधित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का जोर त्योहारों से पहले अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण, अपराधियों की निगरानी और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर है।

खबरें और भी हैं...