← वापस
इंदौर

त्योहारों से पहले इंदौर में पुलिस का ‘मिडनाइट ऑपरेशन’, 397 पर कार्रवाई  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
त्योहारों से पहले इंदौर में पुलिस का ‘मिडनाइट ऑपरेशन’, 397 पर कार्रवाई

 

चारों जोन में रातभर चला सरप्राइज चेकिंग अभियान; 195 से ज्यादा वारंट तामील, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 101 चालक पकड़े

इंदौर। आगामी त्योहारों को देखते हुए इंदौर पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए शनिवार-रविवार की दरमियानी रात से सुबह तक शहरभर में सरप्राइज सघन चेकिंग अभियान चलाया। चारों जोन में पुलिस टीमों ने गुंडे-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों और संदिग्धों की धरपकड़ व जांच की। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बदमाशों को चेक किया गया, जिनमें से 397 के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने विभिन्न मामलों में वांछित 195 से ज्यादा वारंट तामील कराए। इनमें 46 स्थायी, 45 गिरफ्तारी और 104 जमानती वारंट शामिल हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई हुई। 101 वाहन चालकों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

  कट्टा-तलवार से लेकर जिलाबदर तक पर नजर

अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर 9 प्रकरण और मादक पदार्थ सेवन के 2 प्रकरण दर्ज किए गए। मल्हारगंज पुलिस ने अवैध शराब के 4 प्रकरणों में 80 क्वार्टर जब्त किए। द्वारिकापुरी पुलिस ने तलवार के साथ एक आरोपी को पकड़ा, जबकि खजराना पुलिस ने जिलाबदर बदमाश फैजान उर्फ कालू को गिरफ्तार किया।

   आदतन अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के साथ उन्हें थाने बुलाकर डोजियर भरवाए गए और रेड/यलो नोटिस देकर अपराध से दूर रहने की हिदायत दी गई। हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी, पैदल भ्रमण के साथ होटल, लॉज, ढाबे, रैन बसेरे, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड की भी जांच की गई। गणेशोत्सव पंडाल आयोजकों से चर्चा कर सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए गए।

खबरें और भी हैं...