← वापस
इंदौर

त्योहारों से पहले इंदौर पुलिस का एक्शन, 17 बदमाश जिलाबदर; 5 पर पाबंदी के आदेश!

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
त्योहारों से पहले इंदौर पुलिस का एक्शन, 17 बदमाश जिलाबदर; 5 पर पाबंदी के आदेश!

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने जारी किए आदेश, आदतन अपराधियों को थाना हाजिरी और अन्य शर्तों का करना होगा पालन

इंदौर।आगामी त्योहारों के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इंदौर पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने 17 बदमाशों को जिलाबदर करने और 5 आदतन अपराधियों पर निर्बंधन आदेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। ये कार्रवाई मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत प्रकरणों की सुनवाई और परीक्षण के बाद की गई है।

पुलिस के अनुसार, संबंधित बदमाशों के खिलाफ शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गंभीर धाराओं में कई अपराध दर्ज हैं। पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद उनकी गतिविधियों में सुधार नहीं आने और क्षेत्र की शांति-व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई थी। इसके बाद संबंधित जोन के अधिकारियों ने प्रकरण तैयार कर पुलिस कमिश्नर के समक्ष प्रस्तुत किए।

किसी को 3 महीने, तो किसी को एक साल तक इंदौर से बाहर रहने का आदेश

जिलाबदर किए गए 17 बदमाशों को निर्धारित अवधि तक इंदौर जिले (नगरीय एवं ग्रामीण) और उससे लगे सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने के आदेश दिए गए हैं। इनमें अधिकांश के लिए 3 महीने की अवधि तय की गई है, जबकि कुछ को 6 महीने और एक बदमाश को एक साल के लिए जिलाबदर किया गया है।

 निर्बंधन आदेश में थाना हाजिरी सहित कई शर्तें

निर्बंधन आदेश के तहत संबंधित बदमाशों को निर्धारित अवधि तक नियमित रूप से संबंधित थाने में हाजिरी देनी होगी। उन्हें किसी भी अवैध या आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने और लोकशांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की शर्तों का पालन करना होगा। आदेश की शर्तों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रकरणों में शासन की ओर से एडीपीओ अजय प्रताप बुंदेला ने पैरवी की। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आदतन अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...