इंदौर। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने तीन जोड़ी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें बांद्रा टर्मिनस से मदार/अजमेर, वलसाड से प्रयागराज और असरवा से प्रयागराज के बीच चलेंगी। इसके साथ ही बांद्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस को नवसारी स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।
अजमेर-मदार के लिए 20 अक्टूबर से शुरुआत
ट्रेन संख्या 09622 बांद्रा टर्मिनस-मदार स्पेशल 20 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को शाम 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:25 बजे मदार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09621 प्रत्येक सोमवार को अजमेर से शाम 5:50 बजे रवाना होगी। यह सेवा 19 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी। ट्रेन बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
प्रयागराज के लिए दो और स्पेशल ट्रेनें
वलसाड-प्रयागराज स्पेशल 26 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को रात 8 बजे रवाना होगी। वापसी में प्रयागराज से प्रत्येक रविवार को ट्रेन चलेगी। वहीं, असरवा-प्रयागराज स्पेशल 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार सुबह 8:45 बजे रवाना होगी। वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को प्रयागराज से चलेगी। दोनों ट्रेनों के रास्ते में इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना सहित कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।
जयपुर एक्सप्रेस को भी अतिरिक्त ठहराव
ट्रेन संख्या 22933 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर एक्सप्रेस 26 अक्टूबर को नवसारी में रात 8:08 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 22934 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 27 अक्टूबर को रात 2:44 बजे नवसारी पहुंचेगी।
बुकिंग 18 और 19 अक्टूबर से
मदार स्पेशल की बुकिंग 18 अक्टूबर से, जबकि वलसाड और असरवा स्पेशल की बुकिंग 19 अक्टूबर से शुरू होगी। टिकट रेलवे आरक्षण काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट से बुक किए जा सकेंगे। इन ट्रेनों में विशेष किराया लागू रहेगा।