धार। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार दोपहर नालछा थाना क्षेत्र के नागदा-गुजरी मार्ग पर सलकनपुर फाटे के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल धार जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
एक बाइक से मानपुर, दूसरी से धार आ रहे थे
जानकारी के अनुसार, धार के मगजपुरा निवासी भगवान लश्करी (45) और त्रिमूर्ति नगर निवासी ललित सेंडगे (48) बाइक से मानपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सलकनपुर फाटे के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर बिलोदा निवासी प्रवीण (25) और रोहित (25) सवार थे, जो मांडव की ओर से धार आ रहे थे। टक्कर में ललित सेंडगे और प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भगवान लश्करी और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए।
जीजा के घर आ रहे थे दोनों युवक
प्रवीण के भाई धर्मराज ने बताया कि प्रवीण और रोहित बिलोदा से धार स्थित अपने जीजा के घर आने के लिए निकले थे। रास्ते में हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। वहीं, भगवान लश्करी अपने ससुराल मानपुर जा रहे थे। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार ललित की जान चली गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए रखवाए गए। नालछा पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।