दमोह/भोपाल। दो लोगों की जिंदगी बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना रेलवे ट्रैक पर पहुंचे मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राजेंद्र मिश्रा को स्वतंत्रता दिवस पर ‘सर्वोत्तम जीवन रक्षक पदक’ से सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें प्रदान किया।
बांदकपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा ने ड्यूटी के दौरान रेलवे ट्रैक पर फंसे दो लोगों को बचाने के लिए अदम्य साहस दिखाया था। इसी दौरान हुए ट्रेन हादसे में उनका बायां हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उन्हें अपना हाथ गंवाना पड़ा, लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा और वे लगातार कर्तव्य के प्रति समर्पित रहे।
उनके इस असाधारण साहस और मानवता को देखते हुए भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने उन्हें जीवन रक्षा पदक के लिए चयनित किया था। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान उनके साहस और त्याग की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
सागर जिले के ढाना निवासी राजेंद्र मिश्रा के सम्मान से परिवार के साथ दमोह, सागर और पूरे मध्यप्रदेश पुलिस महकमे में गर्व का माहौल है। उनका यह साहस पुलिस की वर्दी के उस फर्ज की मिसाल है, जिसमें अपनी सुरक्षा से पहले दूसरों की जिंदगी बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होती है।