झाबुआ पुलिस ने 10,700 रुपए नकद, 3 मोबाइल और ताश की गड्डियां जब्त कीं; सब्जी मंडी से चार, खेत से दो पकड़े
झाबुआ धार। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में पुलिस ने 10,700 रुपए नकद, 3 मोबाइल फोन और ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर की गई पहली कार्रवाई 22 अगस्त को किशनपुरी सब्जी मंडी क्षेत्र में हुई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। यहां चार लोग ताश के पत्तों पर रुपए लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने सद्दाम पिता मोहम्मद बागवान,शहजाद पिता अब्दुल मजीद बागवान, आविद उर्फ अज्जू पिता अब्दुल अजीज बागवान और तबरेज पिता फारुख गनी को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1,700 रुपए और ताश के पत्ते मिले। मामले में 781/2026 के तहत धारा 13 जुआ एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया।
खेत में भी चल रहा था जुए का फड़
दूसरी कार्रवाई ग्राम रंगपुरा में की गई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक खेत में दबिश दी। यहां जुआ खेल रहे नितेश पिता श्यामसिंह सोलंकी और शकील पिता गफ्फार खान को मौके से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 9,000 रुपए नकद,तीन मोबाइल फोन और ताश के पत्ते जब्त हुए। इस मामले में 780/2026 के तहत धारा 13 जुआ एक्ट में केस दर्ज किया गया।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया और एसडीओपी कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आरसी भास्करे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
पुलिस ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।