← वापस
इंदौर

दचका लगा तो बस रुकवाई, खतरनाक मकान दिखा तो नीचे उतरे अफसर  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
दचका लगा तो बस रुकवाई, खतरनाक मकान दिखा तो नीचे उतरे अफसर

 

कलेक्टर ने पुलिस-निगम समेत सभी विभागों के साथ झांकी मार्ग का किया दौरा; 2 दिन में नीचे लटकते बिजली तार होंगे ऊंचे

इंदौर। अनंत चतुर्दशी के ऐतिहासिक झांकी चल समारोह को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार सुबह कलेक्टर शिवम वर्मा ने पुलिस, नगर निगम, बिजली कंपनी और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ पूरे झांकी मार्ग का दौरा किया। अधिकारी एक बस में सवार होकर निकले और रास्ते में जहां भी व्यवस्था में कमी नजर आई, वहां बस रुकवाकर मौके पर ही स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सड़क पर बस को झटका लगा तो अधिकारियों ने बस से उतरकर सड़क की स्थिति देखी। इसी तरह मार्ग में एक खतरनाक मकान नजर आने पर बस रुकवाई गई। अधिकारियों ने भवन की स्थिति का निरीक्षण कर समारोह के दौरान किसी तरह की दुर्घटना रोकने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर समय रहते व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

   खतरनाक मकानों पर लगेंगे सूचना बोर्ड

नगर निगम अधिकारियों ने कलेक्टर को बताया कि झांकी मार्ग में चिह्नित खतरनाक मकानों के नीचे सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को संभावित खतरे की जानकारी रहे। साथ ही पूरे मार्ग पर सड़क मरम्मत का काम भी कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि झांकी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए मार्ग की छोटी-बड़ी कमियों को समय रहते दूर किया जा रहा है।

नीचे लटक रहे तारों पर सबसे ज्यादा फोकस

निरीक्षण में बिजली के तारों की ऊंचाई भी प्रमुख मुद्दा रही। मार्ग के कई हिस्सों में तार अपेक्षाकृत नीचे पाए गए, जिससे झांकियों के निकलने के दौरान परेशानी हो सकती है। बिजली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि तारों को ऊंचा करने और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। विभाग के मुताबिक अगले दो दिन में पूरे झांकी मार्ग पर बिजली संबंधी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

     प्रशासन का फोकस अब सड़क, बिजली, भवन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को एक साथ दुरुस्त करने पर है, ताकि अनंत चतुर्दशी का चल समारोह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से निकाला जा सके।

खबरें और भी हैं...