← वापस
मध्यप्रदेश

दफन हो चुकी थी नीलोफर... फिर कब्र खोदकर निकाला शव, ‘एसिड’ मौत पर हत्या का शक!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
दफन हो चुकी थी नीलोफर... फिर कब्र खोदकर निकाला शव, ‘एसिड’ मौत पर हत्या का शक!

 

29 साल की महिला की मौत ने खड़े किए सवाल; परिजनों ने पति पर लगाए मारपीट और जबरन एसिड पिलाने के आरोप, पीएम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज

    खरगोन। 29 वर्षीय नीलोफर की मौत के बाद दफनाया जा चुका शव दोबारा कब्र से निकाले जाने पर मामला सनसनीखेज हो गया। एसिड पीने के बाद इंदौर ले जाते समय नीलोफर की मौत हुई थी। शव का पोस्टमार्टम कराए बिना उसे दफना दिया गया था। बाद में परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई और पोस्टमार्टम की मांग की। इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने कब्रिस्तान पहुंचकर शव बाहर निकलवाया।

    तहसीलदार, कोतवाली टीआई और परिजनों की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाला गया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के पीएम रूम पहुंचाया गया। अब पूरे मामले की निगाह पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।

    पति पर मारपीट के आरोप, सिगरेट से दागने का दावा

     परिजनों का आरोप है कि करीब आठ साल पहले नीलोफर की शादी खरगोन निवासी नईम फतेह से हुई थी। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही नीलोफर के साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों ने दावा किया कि उसके शरीर पर कई जगह सिगरेट से दागने के निशान भी थे।

     परिजनों को आशंका है कि नीलोफर ने खुद एसिड नहीं पिया, बल्कि उसे जबरन एसिड पिलाया गया हो सकता है। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है और उनकी पुष्टि होना बाकी है।

  अस्पताल के बाहर जुटी भीड़, न्याय की मांग

  शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाए जाने की जानकारी मिलते ही परिजन और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर जमा हो गए। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

     मृतका के भाई ने कहा कि नीलोफर की मौत को लेकर परिवार को गंभीर संदेह है। उनका कहना है कि मामले की पूरी जांच होनी चाहिए और दोषी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

     कोतवाली निरीक्षक के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

खबरें और भी हैं...