महू के अंबाचंदन में जनकल्याण शिविर; स्कूल में बच्चों को पढ़ाया कलेक्टर ने, बावड़ी-आंगनबाड़ी-राशन दुकान की जांच, शिकायतों का मौके पर समाधान
इंदौर। सरकारी योजनाओं की हकीकत जानने और ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिए शुक्रवार को जिला प्रशासन का पूरा अमला दफ्तर से निकलकर गांव पहुंचा। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देश पर मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की शुरुआत महू तहसील के ग्राम अंबाचंदन से हुई। संभागायुक्त भास्कर लक्षकार, कलेक्टर शिवम वर्मा,जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति डीएफओ लाल सुधाकर सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी कलेक्टर कार्यालय से एक साथ बस में सवार होकर गांव पहुंचे। महू विधायक ऊषा ठाकुर और अन्य जनप्रतिनिधि भी अभियान में शामिल हुए।
अंबाचंदन में लगाए गए जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन,लोक सेवा गारंटी और राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया,जबकि शेष के लिए समयसीमा तय की गई।
स्कूल में बच्चों से संवाद, कलेक्टर ने पढ़ाया
अधिकारी अंबाचंदन और नेउ गुराड़िया के सरकारी स्कूल पहुंचे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चों से पढ़ाई को लेकर बातचीत की और उन्हें स्वयं पढ़ाया। मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था भी देखी गई। आंगनबाड़ी में बच्चों और गर्भवती महिलाओं को दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता कलेक्टर ने स्वयं परखी।
100 साल पुरानी बावड़ी से जल संरक्षण तक
अंबाचंदन की करीब 100 वर्ष पुरानी बावड़ी का निरीक्षण कर उसकी सफाई कराने के निर्देश दिए गए। नेउ गुराड़िया में जलघाट पर अधिकारियों ने श्रमदान किया। नदी कटाव रोकने के लिए पिचिंग कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री जनविश्वास वाटिका में विधायक ठाकुर, संभागायुक्त लक्षकार और कलेक्टर वर्मा ने पौधारोपण किया।

महिलाओं के उत्पाद और उद्यमियों की सफलता बनी आकर्षण
स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी में महिलाओं ने अपने उत्पाद दिखाए। उद्यमी संवाद में स्थानीय उद्योग संचालकों और उद्यम क्रांति योजना के हितग्राहियों ने रोजगार और व्यवसाय विस्तार की सफलता की कहानियां साझा कीं। शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी भी बनाए गए।
अभियान के तहत अधिकारियों के अलग-अलग दल जिले के अन्य गांवों में भी पहुंचे और स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, राशन दुकान, पंचायत भवन व पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया।