मासिक समीक्षा बैठक में कृषि ऋण, फसल बीमा, रूपे कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति पर हुई समीक्षा
धार। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक धार अब दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के प्रत्येक सदस्य को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के अभियान में तेजी लाएगा। रविवार को बैंक मुख्यालय में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के.के. रायकवार ने सभी शाखा प्रबंधकों को लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि दुग्ध समितियों और उनके सदस्यों के अधिक से अधिक बैंक खाते खोलकर उनकी मैपिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक सदस्य को बचत खाते के साथ रूपे डेबिट कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड तथा माइक्रो एटीएम कार्ड उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहेगी। शाखा प्रबंधकों से अभियान को मिशन मोड में संचालित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने को कहा गया।
बैठक में कृषि ऋणों की वसूली, अमानत संग्रहण, खरीफ ऋण वितरण, अग्रिम खाद उठाव के लिए किसानों को जागरूक करने, रूपे कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड तथा क्यूआर कोड वितरण की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2026 में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने, धारा 84/85 के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विपणन अधिकारी सौरवसिंह समकारिया, स्थापना प्रभारी उज्जवल वर्मा, प्रभारी शाखा प्रबंधक विकास लाड, योजना एवं विकास प्रभारी अंकित परमार सहित बैंक के सभी शाखा प्रबंधक एवं मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में सहकारिता योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और किसानों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।