इंदौर। भाजपा की मासिक बैठक सोमवार को पीपल्यापाला स्थित सोलारिस होटल में सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, नगर प्रभारी राजेश सोलंकी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर मंथन हुआ।
नगर प्रभारी राजेश सोलंकी ने कहा कि कार्यकर्ता केवल संगठन का नहीं, बल्कि साथी कार्यकर्ताओं के सुख-दुख का भी सहभागी बने। उन्होंने कहा, "जो दिल से काम करता है, वही लोगों के दिलों पर राज करता है।" सांसद शंकर लालवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प में कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। वहीं नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम में इंदौर प्रदेश में पहले स्थान पर है, लेकिन लक्ष्य हर बूथ के प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रशिक्षित करना है। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी अभियानों की रूपरेखा भी तय की गई।