← वापस
इंदौर

दिल्ली में छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में इंदौर में कांग्रेस का धरना, राजवाड़ा पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
दिल्ली में छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में इंदौर में कांग्रेस का धरना, राजवाड़ा पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

 

दिल्ली में छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में इंदौर में कांग्रेस का धरना, राजवाड़ा पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, छात्रों पर बल प्रयोग रोकने और गिरफ्तार नेताओं की रिहाई की मांग

इंदौर। दिल्ली में नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के कथित पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा पर कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण पटेल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए छात्रों के आंदोलन के प्रति समर्थन जताया गया।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उनका कहना था कि छात्रों के समर्थन में पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई नेताओं और सांसदों को हिरासत में लेकर सरकार ने विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण पटेल ने कहा कि लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती के साथ लड़ती रहेगी।

धरना-प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शोभा ओझा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, रघु परमार, पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा छात्रों और विपक्षी नेताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई का जवाब देने की मांग की।

खबरें और भी हैं...