गोल्ड लोन के 2.39 लाख में से 2.38 लाख रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर; न्यायालय के रीडर के खाते से भी 85 हजार निकले
दमोह। शहर में साइबर ठगी की दो वारदातों से हड़कंप मच गया। कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगों ने दो लोगों के बैंक खातों को निशाना बनाकर कुल 3 लाख 24 हजार 400 रुपए दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए। एक मामले में ठगों ने गोल्ड लोन की जमा रकम को निशाना बनाया, जबकि दूसरे में जिला न्यायालय के रीडर का मोबाइल हैक होने के बाद खाते से रकम निकाली गई। शिकायतों के बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों मामलों में ई-जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोल्ड लोन की रकम खाते में आते ही होने लगे ट्रांजेक्शन
पहला मामला विलवारी मोहल्ले के परवेज मंसूरी का है। उन्होंने 23 जुलाई को म्यूचुअल गोल्ड लोन की दमोह शाखा से 2 लाख 39 हजार 400 रुपए का गोल्ड लोन लिया था। रकम बंधन बैंक खाते में जमा होने के बाद उनकी अनुमति के बिना अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी गई। शिकायत के अनुसार 75 हजार, 1 लाख और 63 हजार 700 रुपए के ट्रांजेक्शन हुए। बैंक स्टेटमेंट की जांच में इन ट्रांसफर की जानकारी सामने आई।
मोबाइल हैक कर रीडर के खाते से 85 हजार उड़ाए
दूसरा मामला सिविल वार्ड-4 निवासी जिला न्यायालय के रीडर मनोज कुमार कटारिया का है। उनके एसबीआई खाते से तीन ट्रांजेक्शन के जरिए 45 हजार, 20 हजार और 20 हजार रुपए, कुल 85 हजार रुपए दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक वे फोन-पे के जरिए यूपीआई लेनदेन करते हैं। मोबाइल हैक होने के बाद खाते में संदिग्ध गतिविधि सामने आई।
पुलिस अब दोनों मामलों में बैंक खातों, मोबाइल और डिजिटल लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है। ठगी की रकम किन खातों में पहुंची और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस के सामने ठगी की रकम वापस कराने की चुनौती भी है।