← वापस
इंदौर

दिन में रेकी,रात में ताला तोड़कर चोरी; 5 मिनट में फरार हो जाती थी गैंग!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
दिन में रेकी,रात में ताला तोड़कर चोरी; 5 मिनट में फरार हो जाती थी गैंग!

 

इंदौर। बंद फ्लैट और मकान इनके निशाने पर थे। पहले दिन में रेकी करते, फिर मौका मिलते ही दिनदहाड़े या रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। महज 5 से 10 मिनट में वारदात कर बाइक से फरार हो जाते थे। तेजाजीनगर पुलिस ने ऐसी ही तीन सदस्यीय नकबजन गैंग का खुलासा करते हुए दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और बाइक जब्त की गई है।

    पुलिस के मुताबिक,21 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नायता मुंडला के आगे सनावदिया रोड पर कुछ संदिग्ध मौजूद हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र मरकाम के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर अजय उर्फ जादू (30), गणेश पंवार (22) और एक नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बीआरजी हिल्स कॉलोनी, सनावदिया रोड स्थित मकान में चोरी करना भी स्वीकार किया। इस मामले में तेजाजीनगर थाने में अपराध क्रमांक 481/2026 दर्ज है।

    एक बाइक पर तैयार रहता था साथी

पुलिस के अनुसार, गैंग का एक सदस्य बाइक लेकर बाहर तैयार रहता था, जबकि दो साथी मकान या फ्लैट में घुसकर चोरी करते थे। पुलिस ने सोने के मंगलसूत्र के 10 मोती, एक पेंडल, चांदी की पायजेब और बच्चों के दो कड़े बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है।

     पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, अजय के खिलाफ राजेंद्र नगर और पीथमपुर क्षेत्र में पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि गणेश के खिलाफ भी राजेंद्र नगर थाने में मामले दर्ज हैं। तेजाजीनगर पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में थाना पुलिस की टीम और जोन-1 साइबर सेल की भूमिका रही।

खबरें और भी हैं...