← वापस
इंदौर

दिनदहाड़े बंद मकानों में चोरी करने वाली गैंग पकड़ी, 3 लाख का माल बरामद!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
दिनदहाड़े बंद मकानों में चोरी करने वाली गैंग पकड़ी, 3 लाख का माल बरामद!

 

दो युवक गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया; जैन मंदिर की दानपेटी चोरी में भी संलिप्तता आई सामने

इंदौर। दिन में बंद मकानों और फ्लैटों की रेकी करना, ताले तोड़कर चोरी करना और कुछ ही मिनटों में मोटरसाइकिल से फरार हो जाना… इस तरीके से वारदातों को अंजाम देने वाली तीन सदस्यीय गैंग को तेजाजी नगर पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित करीब 3 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है।

    पुलिस के मुताबिक,18 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रालामंडल के आगे तिल्लौर खुर्द रोड पर संकरी पुलिया के पास कुछ संदिग्ध खड़े हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अजय योगी (20) निवासी बिजलपुर और अल्तमश मोहम्मद (19) निवासी आजाद नगर को गिरफ्तार किया। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया।

दो अंदर घुसते, तीसरा बाइक लेकर रहता था तैयार

पूछताछ में सामने आया कि गैंग के सदस्य दिन के समय बंद और ताला लगे मकानों व फ्लैटों की रेकी करते थे। इसके बाद दो सदस्य ताला तोड़कर घर में घुसते और चोरी करते थे, जबकि तीसरा मोटरसाइकिल लेकर बाहर तैयार रहता था। वारदात के बाद तीनों तेजी से मौके से फरार हो जाते थे।

    पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के मंगलसूत्र के 15 मोती, चांदी की तीन जोड़ी पायजेब और बच्चों के चार चांदी के कड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-09-जेडके-6582 भी जब्त की गई है।

जैन मंदिर की दानपेटी चोरी में भी नाम

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने द्वारिकापुरी थाना क्षेत्र के फूटी कोठी मेन रोड स्थित शीतलनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर की दानपेटी से नकदी और चांदी के सिक्के चोरी करने की वारदात में भी संलिप्तता बताई है। इस मामले में पहले से प्रकरण दर्ज है और पुलिस विवेचना कर रही है। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ तेजाजी नगर और द्वारिकापुरी सहित अन्य थानों में भी प्रकरण दर्ज हैं। अजय योगी के खिलाफ राजेंद्र नगर थाने में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज होने का रिकॉर्ड भी सामने आया है। वहीं, अल्तमश के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है। नाबालिग के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

 कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी,पुलिस उपायुक्त नरेंद्र सिंह रावत और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित केरकेट्टा के निर्देशन में की गई। सहायक पुलिस आयुक्त रविंद्र बिलवाल के मार्गदर्शन में तेजाजी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र मरकाम सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

खबरें और भी हैं...