लक्ष्य पूरे नहीं करने पर 4 स्वास्थ्यकर्मियों को शोकॉज, तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश
इंदौर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देपालपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान मैदानी स्तर पर अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर चार स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने संबंधित कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने के साथ तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मातृ स्वास्थ्य, हाई रिस्क एएनसी, नियमित टीकाकरण, क्षय रोग, कुष्ठ रोग, नेत्र स्वास्थ्य, आईडीएसपी सहित उप स्वास्थ्य केंद्रों पर दी जा रही सेवाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अनमोल पोर्टल पर दर्ज जानकारी, मैदानी गतिविधियों और निर्धारित लक्ष्यों की उपलब्धि की भी जांच की।
समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर सीएचओ रंगवासा हिमांशु पटेल, एएनएम दीपिका वर्मा, सीएचओ मेंडकवास भारती चौधरी और एएनएम भावना बेंद्रे को शोकॉज नोटिस जारी किए गए। इनके तीन दिवस के वेतन में कटौती के आदेश भी दिए गए हैं।
सीएमएचओ डॉ. हासानी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लक्ष्य समय सीमा में पूरे किए जाएं। ऑनलाइन पोर्टल पर प्रविष्टियां समय पर दर्ज करने के साथ नियमित फील्ड विजिट और हितग्राहियों के प्रभावी फॉलोअप पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और आमजन तक उनकी पहुंच बेहतर बनाने में मैदानी अमले की भूमिका अहम है। निर्धारित कार्य में लापरवाही या अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। बैठक में जिला स्तर के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी और देपालपुर ब्लॉक का स्वास्थ्य अमला मौजूद रहा।