तीन पहिया, चार पहिया और लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित; चार प्रमुख प्रवेश मार्गों से भारी वाहन भी शहर में नहीं आ सकेंगे, पुलिस ने तय किए वैकल्पिक रास्ते
धार। दीपावली पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस ने यातायात का विशेष प्लान लागू किया है। शहर में जाम से राहत दिलाने और खरीदारों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए 5 से 9 नवंबर तक प्रमुख बाजार क्षेत्रों में पांच दिनों के लिए वाहनों की नो एंट्री रहेगी। इस दौरान तीन पहिया, चार पहिया और सभी प्रकार के लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, भारी वाहनों की शहर में एंट्री पर भी पूरी तरह रोक लगाई गई है। प्रतिबंध प्रतिदिन सुबह 8 से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।
चार प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों की एंट्री बंद
पुलिस के यातायात प्लान के अनुसार इंदौर नाका, श्याम ढाबा, रतलाम नाका और मतलबपुरा फाटा से धार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों से आने वाले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा। प्रतिबंधित अवधि में किसी भी भारी वाहन को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं रहेगी।
बाजार के इन प्रमुख रास्तों पर रहेगी नो एंट्री
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में हटवाड़ा से आनंद चौपाटी होते हुए पौ चौपाटी, मोहन टॉकीज से पिंजारवाड़ी, धानमंडी, आनंद चौपाटी और शनि गली तथा पठ्ठा चौपाटी से बनियावाड़ी, राय चौपाटी और बोहरा बांखल तक तीन पहिया, चार पहिया और लोडिंग वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन मार्गों पर प्रतिबंधित वाहनों की पार्किंग भी नहीं की जा सकेगी। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवश्यकतानुसार छूट रहेगी।
दोपहिया वाहनों के लिए तय पार्किंग, पैदल खरीदारी की अपील
पुलिस ने बाजार आने वाले नागरिकों से यथासंभव पैदल खरीदारी करने की अपील की है। दोपहिया वाहन चालक निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें। मुख्य मार्गों, बाजारों, नो-पार्किंग जोन और डायवर्जन स्थलों पर वाहन खड़े करने से यातायात बाधित हो सकता है।
बैरिकेड्स हटाए तो होगी कार्रवाई
पुलिस ने वाहन चालकों को चेताया है कि बैरिकेड्स हटाकर प्रतिबंधित मार्गों में प्रवेश करने, तेज गति से वाहन चलाने और अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें। यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। साथ ही बुजुर्गों और पैदल राहगीरों को प्राथमिकता दें तथा आपातकालीन वाहनों को रास्ता दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम नागरिकों का सहयोग जरूरी है।