← वापस
इंदौर

दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 600 किलो मावा-मिल्क केक की बिक्री पर रोक  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 600 किलो मावा-मिल्क केक की बिक्री पर रोक

 

पीपली बाजार के 10 मावा प्रतिष्ठानों की मौके पर जांच, एयरपोर्ट से शिप्रा तक मिठाइयों के नमूने लिए; रिपोर्ट आने तक स्टॉक रहेगा प्रतिबंधित

इंदौर। दीपावली पर मिठाइयों और मावे की बढ़ती मांग के बीच मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर में जांच अभियान तेज कर दिया है। 5 और 6 नवंबर को हुई कार्रवाई में पीपली बाजार के 10 मावा प्रतिष्ठानों की मौके पर रैपिड टेस्ट किट से जांच की गई। वहीं रिंग रोड स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग पर करीब 600 किलो मावा और मिल्क केक की बिक्री पर जांच रिपोर्ट आने तक प्रतिबंध लगा दिया गया।

   खाद्य सुरक्षा टीम ने श्री बालाजी ट्रेडिंग से कंचन श्री ब्रांड के मिल्क केक और मीठे मावे के नमूने लिए। दोनों उत्पादों का शेष स्टॉक करीब 600 किलो मिलने पर उसे बेचने से रोक दिया गया है। इसके अलावा एयरपोर्ट क्षेत्र के मिठाई प्रतिष्ठानों और महेश नगर की माहेश्वरी धर्मशाला में संचालित सुदानी कैटर्स के यहां भी मिठाइयों की प्राथमिक जांच की गई।

     शिप्रा स्थित माय श्री नाश्ता पॉइंट एवं आइसक्रीम प्रतिष्ठान से मीठा मावा,मावा, गुपचुप,केसर पेड़ा, मिल्क केक और सफेद पेड़ा सहित छह नमूने लिए गए। संचालक को साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

    आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज पुष्प के निर्देशन और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में चल रहे अभियान के तहत सभी नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। विभाग ने मिठाइयों को ढककर रखने, स्वच्छता बनाए रखने और केवल अनुमेय खाद्य रंगों के उपयोग की हिदायत दी है।

खबरें और भी हैं...