32 हजार से ज्यादा प्रकरण दर्ज, अब दोषियों को सजा दिलाने पर जोर; ढाबों, हाईवे और सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी, पूरे नेटवर्क पर होगी कार्रवाई
इंदौर। इंदौर संभाग में अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई के साथ अब देर रात तक खुली रहने वाली शराब दुकानों पर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार और आईजी अनुराग ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय के बाद खुली मिलने वाली शराब दुकानों पर कार्रवाई की जाए। वहीं शराब माफिया और अवैध कारोबार में शामिल आरोपियों पर जिला बदर से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) तक के तहत कार्रवाई की तैयारी है।
संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आबकारी और जिला प्रशासन के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि केवल प्रकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के मामलों में मजबूत पैरवी कर दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाना भी जरूरी है। मुख्य आरोपियों के साथ उनके सहयोगियों और शराब वितरण के पूरे नेटवर्क की पहचान करने के निर्देश दिए गए।
देर रात खुली मिली दुकानें तो होगी कार्रवाई
इंदौर शहर में कुछ शासकीय शराब दुकानें निर्धारित समय के बाद भी खुली रहने की जानकारी पर संभागायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने आबकारी विभाग को दुकानों के समय की नियमित निगरानी करने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। ढाबों, हाईवे और संवेदनशील मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाने को भी कहा।
गांजे की खेती वाले क्षेत्रों में तय होगी जवाबदेही
जिन क्षेत्रों में गांजे की अवैध खेती पकड़ी गई है, वहां स्थानीय प्रशासनिक अमले की जवाबदेही तय होगी। सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के साथ अवैध शराब के स्रोत और वितरण नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाएगी।
एक साल में 32,190 प्रकरण दर्ज
उपायुक्त आबकारी इंदरसिंह जामोद ने बताया कि वित्तीय वर्ष में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत 5,043 और धारा 34(1) के तहत 27,147 प्रकरण दर्ज किए गए। इस तरह कुल 32,190 मामले दर्ज हुए। संभागायुक्त ने अवैध और मिलावटी शराब को जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए आबकारी, पुलिस और प्रशासन को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में गौतमपुरा के पारंपरिक हिंगोट युद्ध के दौरान अग्निसुरक्षा और कानून व्यवस्था के इंतजामों की समीक्षा भी की गई।
बैठक में आईजी अनुराग, इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा, उपायुक्त आबकारी इंदरसिंह जामोद सहित संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। धार से कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा जुड़े।