कोलकाता के चोरबागान में हादसा,आगे बढ़ने की होड़ में गिरे श्रद्धालु; मुख्यमंत्री अस्पताल पहुंचे, एक घायल की हालत गंभीर
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। उत्तर कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर मची भगदड़ में 19 श्रद्धालुओं की मौत हो गई,जबकि 25 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल से अस्पताल तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उनके मुताबिक,एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, चित्तरंजन एवेन्यू के पास स्थित चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी थी। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर भीड़ में आगे बढ़ने की होड़ मच गई। कुछ लोग सड़क पर गिर पड़े और देखते ही देखते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बताया गया कि पूजा आयोजकों की ओर से की गई एक घोषणा के बाद भी भीड़ में अचानक हलचल बढ़ी थी।
अस्पताल में मृत लाए गए 17 लोग
मुख्यमंत्री ने कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचकर बताया कि 17 लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया,जबकि 25 घायलों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से हादसे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उपचार व्यवस्था का जायजा लिया।

घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन दल तैनात
हादसे के बाद घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन दलों को तैनात किया गया। प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए क्या व्यवस्थाएं थीं, इन पहलुओं की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी।
ममता बनर्जी ने जताया दुख
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर पर दुख जताया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में परिवारों को संबल देने की प्रार्थना की।