← वापस
धार

दर्शन कर लौट रहे 5 युवकों की कार बनी आग का गोला, 4 जिंदा जले!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
दर्शन कर लौट रहे 5 युवकों की कार बनी आग का गोला, 4 जिंदा जले!

 

लेबड़-नयागांव फोरलेन पर आधी रात को दर्दनाक हादसा; टायर फटने से बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर ब्रिज के नीचे गिरी, एक युवक गंभीर, इंदौर रेफर

धार।राजस्थान के सांवरिया जी में दर्शन कर घर लौट रहे सागौर के पांच युवकों का सफर दर्दनाक हादसे में खत्म हो गया। लेबड़-नयागांव फोरलेन पर सादलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम संगेसरा में होटल हिराश्री के सामने देर रात कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया। कार डिवाइडर से टकराने के बाद ब्रिज से नीचे जा गिरी और उसमें भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से चार युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है। हादसे की खबर से सागौर में शोक की लहर फैल गई।

 टायर फटा, डिवाइडर से टकराकर नीचे गिरी कार

सादलपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सागौर निवासी पांच युवक शिफ्ट कार से दर्शन कर लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे ग्राम संगेसरा के पास कार का टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार डिवाइडर से टकराई और ब्रिज से नीचे जा गिरी। दुर्घटना के बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांचवां युवक गंभीर रूप से घायल हुआ।

   चार परिवारों के घरों में पसरा मातम

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अंकुश उर्फ भीम पिता विक्रम चौधरी (20), चेतन पिता जीवन चौधरी (20), आदित्य उर्फ अनमोल पिता संतोष तिवारी (19), निवासी बड़ी सागौर, और अभिषेक पिता लक्ष्मण सोलंकी, निवासी सुहागपुर, सागौर के रूप में हुई है।

वहीं, गंभीर घायल युवक तुषार पिता मुकेश मंडलोई (20), निवासी माधोपुर, सागौर को उपचार के लिए इंदौर भेजा गया है।

जिन परिवारों को अपने बेटों के घर लौटने का इंतजार था, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। दर्शन कर लौट रहे युवकों को अंदाजा भी नहीं था कि घर पहुंचने से पहले ही उनका साथ हमेशा के लिए छूट जाएगा। चार युवकों की असमय मौत से सागौर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

 दर्शन कर लौट रहे 5 युवकों की कार बनी आग का गोला, 4 जिंदा जले!

  - 2

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

लेबड़-नयागांव फोरलेन पर हुआ यह हादसा वाहन की तकनीकी खराबी और दुर्घटना के बाद आग लगने से पैदा होने वाले गंभीर खतरे को सामने लाता है। प्रारंभिक जानकारी में टायर फटना हादसे की वजह बताया गया है। दुर्घटना के विस्तृत कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पूरे क्षेत्र की निगाहें अब घायल तुषार के स्वास्थ्य पर टिकी हैं।

खबरें और भी हैं...