खंडवा। नागलवाड़ी से दर्शन कर हरसूद लौट रहे चार लोगों की कार सोमवार देर रात जोगीबेड़ा के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना हरसूद थाना क्षेत्र की आशापुर चौकी के अंतर्गत हुई।
बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग नागलवाड़ी से दर्शन करने के बाद हरसूद लौट रहे थे। जोगीबेड़ा के पास अचानक कार बेकाबू हो गई और तेज रफ्तार में सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया। हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और मृतकों की पहचान संबंधी जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।