← वापस
इंदौर

दूध का भाव 70 रुपए लीटर करने की मांग, कलेक्टर कार्यालय पहुंचे किसान  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
दूध का भाव 70 रुपए लीटर करने की मांग, कलेक्टर कार्यालय पहुंचे किसान

 

बोले- चारा, खली से लेकर मजदूरी तक महंगी; लागत बढ़ी, लेकिन दूध का दाम नहीं बढ़ा

इंदौर। दूध उत्पादक किसानों ने दूध के उचित दाम की मांग को लेकर मंगलवार को जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। किसान शोषण विरोधी मंच के बैनर तले किसानों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधीश कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों के सामने अपनी मांग रखी। किसानों ने दूध का भाव 70 रुपए प्रति लीटर और 12 रुपए प्रति फैट तय करने की मांग की है।

किसानों का कहना है कि पशुपालन की लागत लगातार बढ़ रही है। चारा, भूसा, खली, डीजल और मजदूरी सहित अन्य खर्च पहले की तुलना में काफी बढ़ गए हैं। इसके बावजूद दूध उत्पादकों को उनकी लागत के अनुरूप दाम नहीं मिल रहा है। किसानों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों से दूध खरीदकर शहर में बेचने वाले व्यापारियों को पर्याप्त मुनाफा मिल रहा है, जबकि उत्पादन करने वाला किसान आर्थिक दबाव में है।

प्रतिनिधिमंडल ने इंदौर सहकारी दुग्ध संघ से गुजरात की तर्ज पर किसानों से दूध खरीदी व्यवस्था लागू करने और दूध के दाम में उचित अंतर देने की मांग भी रखी। किसानों ने कहा कि मौजूदा भाव में पशुपालन करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।

जिला प्रशासन की ओर से किसानों को उनकी मांगों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उचित समाधान का आश्वासन दिया गया। वहीं किसानों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

खबरें और भी हैं...