इंदौर में 2026 में अब तक1,045 मोबाइल बरामद; मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक पहुंची पुलिस की साइबर सेल
इंदौर। दिवाली से पहले इंदौर के 112 लोगों के चेहरे उस वक्त खिल उठे,जब क्राइम ब्रांच ने उनके गुम हुए मोबाइल फोन वापस लौटाए। इन मोबाइल की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। किसी को महंगा फोन वापस मिला तो किसी की लंबे समय से खोई उम्मीद लौट आई। क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने सिटीजन कॉप एप और केंद्र सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर मोबाइल तलाशे।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान गूगल पिक्सल, आईफोन, वनप्लस,ओप्पो, रियलमी,रेडमी, सैमसंग और वीवो सहित विभिन्न कंपनियों के मोबाइल बरामद किए गए। इनमें सबसे ज्यादा 42 मोबाइल वीवो कंपनी के हैं। इसके अलावा ओप्पो के 16, रियलमी के 14, वनप्लस और रेडमी के 9-9 तथा सैमसंग के 7 मोबाइल शामिल हैं।
2026 में अब तक 1,045 मोबाइल लौटाए
क्राइम ब्रांच के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक गुम मोबाइल की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए कुल 1,045 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को लौटाए जा चुके हैं। मोबाइल मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी तलाशे गए हैं।

गुम मोबाइल तलाशने में डिजिटल माध्यम बने मददगार
इंदौर पुलिस का सिटीजन कॉप एप गुम या चोरी हुई वस्तुओं की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सुविधा देता है। वहीं, केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग का सीईआईआर पोर्टल मोबाइल के आईएमईआई नंबर को ब्लॉक कराने और उसकी तलाश में मदद करता है। इन माध्यमों से मिली शिकायतों पर साइबर सेल तकनीकी विश्लेषण कर मोबाइल की लोकेशन और उपयोग से जुड़े सुरागों के आधार पर कार्रवाई करती है।

मोबाइल गुम हो तो क्या करें?
मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके बाद [सीईआईआर पोर्टल](https://www.ceir.gov.in/) पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर मोबाइल का आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराने की कार्रवाई करें। सिटीजन कॉप एप पर भी गुम मोबाइल की शिकायत दर्ज की जा सकती है। मोबाइल का बिल, आईएमईआई नंबर और शिकायत क्रमांक सुरक्षित रखें।
इंदौर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी दूसरे व्यक्ति का गुम मोबाइल मिलने पर उसका इस्तेमाल करने के बजाय पुलिस को सूचना दें।
सराहनीय भूमिका
मोबाइल फोन की तलाश और बरामदगी में क्राइम ब्रांच इंदौर की साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।