← वापस
इंदौर

दीवारों से निकला एमजीएम का संकल्प, अब शहर की सड़कों पर दौड़ेंगे संदेश  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
दीवारों से निकला एमजीएम का संकल्प, अब शहर की सड़कों पर दौड़ेंगे संदेश

 

रैगिंग,नशा, धूम्रपान, प्लास्टिक और भ्रष्टाचार मुक्त संस्थान का संदेश वाहनों पर भी दिखेगा

इंदौर। महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (एमजीएम) का ‘हमारा संकल्प’ अभियान अब दीवारों से निकलकर शहर की सड़कों तक पहुंच गया है। कॉलेज एवं अस्पताल परिसर को सुरक्षित, स्वच्छ, अनुशासित और सकारात्मक बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान के संदेश अब संस्थान से जुड़े वाहनों पर भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

‘हमारा संकल्प—My College, Hospital and Room’ के तहत वाहनों पर छह प्रमुख संदेश प्रमुखता से लगाए गए हैं। इनमें रैगिंग मुक्त, तंबाकू मुक्त, शराब मुक्त, धूम्रपान मुक्त, सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त संस्थान का संदेश शामिल है। उद्देश्य है कि ये संदेश केवल कॉलेज और अस्पताल परिसर तक सीमित न रहें, बल्कि वाहनों के जरिए आम लोगों तक भी पहुंचें।

अब तक अभियान के संदेश कॉलेज की दीवारों और परिसर के प्रमुख स्थानों पर विद्यार्थियों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों, मरीजों और उनके परिजनों तक पहुंच रहे थे। वाहनों पर संदेश प्रदर्शित होने से यह जागरूकता शहर की सड़कों तक पहुंचेगी। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों का ध्यान इन संदेशों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया है।

एमजीएम प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल पोस्टर और दीवारों पर संकल्प लिखना नहीं, बल्कि उन्हें व्यवहार और कार्यशैली का हिस्सा बनाना है। युवाओं को नशे, रैगिंग और धूम्रपान जैसी गतिविधियों से दूर रखते हुए अनुशासन, स्वच्छता, जिम्मेदारी और सामाजिक प्रतिबद्धता की भावना विकसित करना भी इसका हिस्सा है।

अब संदेश दीवार पर नहीं रुकेगा। पहियों के साथ शहर में चलेगा—‘मेरा कॉलेज, मेरा अस्पताल, मेरा कमरा’ स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित रहे।

खबरें और भी हैं...