इंदौर। शहर की जलप्रदाय व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने गुरुवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में समीक्षा बैठक ली। बैठक में जलप्रदाय और अमृत परियोजना से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने अमृत परियोजना के दूसरे चरण, जलप्रदाय परियोजना और नर्मदा चतुर्थ चरण के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान अमृत परियोजना के पहले से चौथे चरण तक के कार्यों पर चर्चा हुई। इसमें जल संग्रहण केंद्र निर्माण, पेयजल टंकियों के लिए भूमि उपलब्धता, टंकियों का निर्माण,पुरानी जलप्रदाय लाइनों को बदलने और नई पाइप लाइन बिछाने के काम शामिल रहे। आयुक्त ने सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने धीमी गति से चल रहे कार्यों को लेकर संबंधित एजेंसी को स्पष्ट चेतावनी दी कि काम की रफ्तार नहीं बढ़ी तो नोटिस जारी कर जुर्माना लगाया जाएगा। आयुक्त ने अधिकारियों को कार्यों की लगातार निगरानी कर समयसीमा में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।