← वापस
इंदौर

धनतेरस पर हजारों ग्रामीणों को मिला संपत्ति का मालिकाना हक, घर बैठे नहीं गांव पहुंचकर बांटीं रजिस्ट्रियां  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
धनतेरस पर हजारों ग्रामीणों को मिला संपत्ति का मालिकाना हक, घर बैठे नहीं गांव पहुंचकर बांटीं रजिस्ट्रियां

 

मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर के गांवों में वितरित किए प्रमाण-पत्र, इंदौर जिले में 95 हजार परिवारों को मिलेगा लाभ; अब तक 32,551 रजिस्ट्रियां तैयार

इंदौर। धनतेरस पर इंदौर जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए खुशियों की सौगात आई। वर्षों से जिस मकान में रह रहे थे, अब उसी संपत्ति का कानूनी मालिकाना हक भी उनके नाम हो गया। स्वामित्व योजना के तहत शुक्रवार को गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को निःशुल्क रजिस्ट्री प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर विधानसभा क्षेत्र के केलोद हाला, पानोड़ और बड़ोदिया एमा सहित कई गांवों में पहुंचकर हितग्राहियों को दस्तावेज सौंपे।

मंत्री सिलावट ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों को सम्मान,सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता देने वाली ऐतिहासिक पहल है। अब ग्रामीण अपनी संपत्ति का वैधानिक दस्तावेज होने से उसका क्रय-विक्रय कर सकेंगे और बैंक से ऋण लेने में भी इसका उपयोग कर पाएंगे। रजिस्ट्री के लिए हितग्राहियों से कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।

इंदौर में 95 हजार परिवार होंगे लाभान्वित

जिले में योजना के तहत करीब 95 हजार 86 रजिस्ट्रियां वितरित करने का लक्ष्य है, जिससे लगभग 1 लाख 24 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। अब तक 32 हजार 551 रजिस्ट्रियां तैयार हो चुकी हैं। सांवेर क्षेत्र में 51 हजार से अधिक हितग्राहियों को लाभ देने का लक्ष्य है।

जनप्रतिनिधियों ने गांवों में पहुंचकर बांटे दस्तावेज

सांसद शंकर लालवानी ने बिचौली हप्सी और बड़िया कीमा, सांसद कविता पाटीदार ने उंडवा, विधायक उषा ठाकुर ने मालीपुरा, मधु वर्मा ने नैनोद और मनोज पटेल ने हिंगोनियाखुर्द में रजिस्ट्रियां वितरित कीं। कलेक्टर शिवम वर्मा शेरपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

    इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने पानोड़ में 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले संत रविदास भवन का भूमि पूजन भी किया।

खबरें और भी हैं...