नंदलालपुरा की गादीपति महामंडलेश्वर मंगला गौरी नंद गिरि के नेतृत्व में देवी अहिल्याबाई फल-सब्जी मंडी पहुंचे दर्जनों किन्नर, व्यापारियों से लिया नेग
इंदौर। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को इंदौर की देवी अहिल्याबाई फल एवं सब्जी मंडी में परंपरा, आस्था और खुशियों का अनूठा नजारा देखने को मिला। नंदलालपुरा स्थित किन्नर समाज के दर्जनों सदस्य महामंडलेश्वर मंगला गौरी नंद गिरि के नेतृत्व में मंडी पहुंचे। यहां उन्होंने व्यापारियों और लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया और परंपरानुसार नेग प्राप्त किया।
इस दौरान किन्नर अखाड़े की नंदलालपुरा गादीपति महामंडलेश्वर मंगला गौरी नंद गिरि महाराज ने देश, प्रदेश और इंदौरवासियों को धनतेरस एवं दीपावली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सद्भाव और जिम्मेदारी निभाने का भी संदेश देते हैं।
पानी बचाएं, इंदौर को प्यासा न रहने दें
मंगला गौरी नंद गिरि ने मालवा और निमाड़ में इस वर्ष कम बारिश होने पर चिंता जताते हुए लोगों से पानी का सोच-समझकर उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज सबसे बड़ी जरूरत है। हर नागरिक पानी बचाने की जिम्मेदारी निभाए, ताकि इंदौर की हरियाली बनी रहे और आने वाले समय में शहर को जल संकट का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने बढ़ती महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार त्योहारों पर आर्थिक दबाव भी दिखाई दे रहा है। ऐसे में सभी लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार दीपावली मनाएं। दिखावे से दूर रहकर प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार की खुशियां बांटें।