होटल मैनेजमेंट और कैटरिंग के डिप्लोमा कोर्स होंगे शुरू, 100% प्लेसमेंट लक्ष्य; मेडिकल और लॉ कॉलेज के बाद शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि
धार। विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहे धार को अब रोजगार और कौशल विकास की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिले में इसी वर्ष फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट की शुरुआत होगी, जहां होटल मैनेजमेंट, फूड प्रोडक्शन, बेकरी, कन्फेक्शनरी और बेवरेज सर्विस जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में व्यावसायिक प्रशिक्षण मिलेगा और होटल, पर्यटन व हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के वित्तपोषण से मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा करीब 12 करोड़ रुपए की लागत से जेतपुरा स्थित नवीन औद्योगिक क्षेत्र में संस्थान का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार इसी वर्ष प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य है। संस्थान राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं खान-पान प्रौद्योगिकी परिषद से संबद्ध होगा और यहां 10वीं व 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए छह माह से डेढ़ वर्ष तक के सर्टिफिकेट व डिप्लोमा कोर्स संचालित होंगे। संस्थान में आवासीय सुविधा के साथ 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का लक्ष्य भी रखा गया है।
पर्यटन नगरी मांडू, भोजशाला, धार किला, प्रस्तावित सरस्वती लोक और तेजी से विकसित हो रहे पीथमपुर व अन्य औद्योगिक क्षेत्रों को देखते हुए होटल और हॉस्पिटैलिटी उद्योग की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में यह संस्थान प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करेगा और युवाओं को नौकरी के साथ-साथ स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने का अवसर भी देगा।
प्रभारी प्राचार्य वीके सिंह ने बताया कि भवन निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसी वर्ष संस्थान शुरू करने की तैयारी है। यहां फूड प्रोडक्शन, बेकरी एंड कन्फेक्शनरी, बेवरेज सर्विस सहित कई व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे धार के युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार और स्वरोजगार की नई उड़ान मिलेगी।