147 दिन के लिए होगा ठेकों का निष्पादन, 4 नवंबर को ऑनलाइन लगेगी बोली; बाग और धार के दो समूहों की दुकानें शामिल
धार। जिले में शराब दुकानों के ठेकों का एक बार फिर निष्पादन होने जा रहा है। आबकारी विभाग ने वर्ष 2026-27 की शेष अवधि के लिए बाग और धार क्रमांक-1 समूह की कुल 7 कंपोजिट मदिरा दुकानों की पुनः नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन दुकानों के लिए 5 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक की 147 दिनों की अवधि का कुल निर्धारित आरक्षित मूल्य 26 करोड़ 63 लाख 57 हजार 521 रुपए रखा गया है। दोनों समूहों के लिए कुल 55 लाख रुपए की धरोहर राशि निर्धारित की गई है।
कलेक्टर (आबकारी) जिला धार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार बाग समूह (DHR/FCL-10) में बाग क्रमांक-1, बाग क्रमांक-2, टांडा और रिंगनोद की दुकानें शामिल हैं। इस समूह का शेष अवधि का निर्धारित आरक्षित मूल्य 16 करोड़ 63 लाख 41 हजार 691 रुपए है। वहीं धार क्रमांक-1 समूह (DHR/FCL-12) में धार क्रमांक-1, गाछावाड़ी धार और गरड़ावद की दुकानें शामिल हैं। इन तीन दुकानों का निर्धारित आरक्षित मूल्य 10 करोड़ 1 लाख 15 हजार 830 रुपए रखा गया है।
1 नवंबर से शुरू हुई ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया
विभागीय कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन निविदा प्रपत्र डाउनलोड करने और ऑफर जमा करने की प्रक्रिया 1 नवंबर को दोपहर 1 बजे से शुरू हो गई है। इसकी अंतिम समय-सीमा 4 नवंबर को दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है। इसी दिन दोपहर 1.05 बजे ई-टेंडर कम नीलामी के प्रपत्र खोले जाएंगे। इसके बाद दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक ऑनलाइन बोली लगाई जाएगी। अंतिम समय में बोली आने पर 15-15 मिनट के अंतराल से नीलामी की समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी।
कलेक्टर कार्यालय में होगी निष्पादन प्रक्रिया
दोनों समूहों की दुकानों का निष्पादन कलेक्टर कार्यालय धार के सभाकक्ष में गठित जिला निष्पादन समिति की निगरानी में होगा। इच्छुक व्यक्ति, फर्म, कंपनी और अन्य पात्र संस्थाएं मध्यप्रदेश के ई-टेंडर पोर्टल के माध्यम से निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकेंगी। इसके लिए ई-आबकारी पोर्टल पर ठेकेदार के रूप में पंजीयन अनिवार्य रहेगा।