← वापस
धार

धार में मां दुर्गा की शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, लोककलाओं ने मोहा मन!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
धार में मां दुर्गा की शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, लोककलाओं ने मोहा मन!

 

मुंबई के रोबोट के गरबा से लेकर झाबुआ के आदिवासी नृत्य तक दिखी संस्कृति की झलक; पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा और विधायक नीना वर्मा ने की आरती

धार। शारदीय नवरात्रि पर मंगलवार को मायापुरी कॉलोनी में मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जयकारों से गूंजती सड़कों पर श्रद्धा, उल्लास और लोकसंस्कृति के रंग नजर आए। सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति के आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और मातृशक्ति ने भाग लिया। जगह-जगह मंचों से शोभायात्रा का स्वागत किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

आयोजक अनिल जैन बाबा के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा में मुंबई के रोबोट ने गरबा नृत्य कर लोगों का अभिवादन किया। जयपुर के कलाकारों ने कालबेलिया नृत्य और केरल के कलाकारों ने चकरी नृत्य की प्रस्तुति दी। मुंबई के जादूगरों के हैरतअंगेज करतब, गुजरात का डांडिया रास और नासिक के कलाकारों की रंगोली व ढोल ने आयोजन की रौनक बढ़ाई। मयूरी रास गरबा मंडल की प्रस्तुति और झाबुआ की टीम के आदिवासी नृत्य ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। धार की मातृशक्ति और बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

     गरबा चौक से शुरू हुई शोभायात्रा

मायापुरी कॉलोनी के गरबा चौक पर मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा और विधायक नीना वर्मा ने मां दुर्गा की आरती कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद शोभायात्रा रवाना हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की।

आयोजन में सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति की अध्यक्ष सोनिया राठौर, मार्गदर्शक ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, चयन राठौर, अर्जुन कुल्हरा और मयूर मालवीय सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे। शोभायात्रा में धार्मिक आस्था के साथ देश की विविध लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक एकता की झलक देखने को मिली।

खबरें और भी हैं...