← वापस
धार

धार में रेल का सपना जल्द होगा साकार, टीही टनल में टावर वैगन का सफल परीक्षण!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
धार में रेल का सपना जल्द होगा साकार, टीही टनल में टावर वैगन का सफल परीक्षण!

 

इंदौर–धार रेल परिचालन की दिशा में बड़ी प्रगति; अगले महीने रेल सुविधा मिलने की उम्मीद, सांसद सावित्री ठाकुर ने जताई खुशी

धार। धार जिले को रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पीथमपुर स्थित करीब 3 किलोमीटर लंबी टीही टनल में रेलवे टावर वैगन का सफल परीक्षण किया गया। इसे इंदौर से धार के बीच रेल परिचालन शुरू करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब क्षेत्रवासियों को आगामी माह में रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार-महू सांसद सावित्री ठाकुर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि धार में रेल का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आजादी के बाद पहली बार इंदौर से धार के बीच रेल परिचालन शुरू होने की संभावना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।

व्यापार, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

सांसद ठाकुर ने कहा कि रेल सुविधा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास की नई संभावनाओं का माध्यम भी है। रेल सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। साथ ही व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ने से धार जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में देश में आधुनिक रेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आदिवासी बहुल धार जिले में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार विकास को नई दिशा देगा।

सावित्री ठाकुर ने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शेष तकनीकी और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद धारवासियों का वर्षों पुराना सपना साकार होने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...