नमाज स्थल पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही नियंत्रित; भोजशाला परिसर में शंखनाद और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने किया पाठ, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी
धार। धार में शुक्रवार को जुमे की नमाज पूर्व निर्धारित स्थान खसरा नंबर 612 पर शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई। पिछली बार की तुलना में इस बार नमाज के लिए मुस्लिम समाज के अधिक लोग पहुंचे। दूसरी ओर भोजशाला परिसर में श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। शंखनाद और जयकारों के बीच धार्मिक अनुष्ठान हुए। दोनों आयोजनों को देखते हुए प्रशासन ने शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
नमाज स्थल पर प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। पिछली बार बारिश के कारण रास्ते में परेशानी हुई थी, जिसके बाद नगर पालिका ने मार्ग पर गिट्टी डालकर उसे समतल कराया था। सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर बिसलेरी मार्ग पर आवाजाही नियंत्रित की गई। भोजशाला परिसर के आसपास भी पुलिस बल तैनात रहा।
अब्दुल समद बोले- कमाल मौलाना को बदनाम करने की कोशिश
नमाज के बाद मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि अब्दुल समद ने मीडिया से बातचीत में प्रशासन पर नमाज स्थल पर पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले कुछ लोग कमाल मौलाना को लेकर अनर्गल बयान देकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। समद ने दावा किया कि कमाल मौलाना ने महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक सुधार से जुड़े कई कार्य किए थे। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज इस तरह की टिप्पणियों से आहत है और पूर्व में भी प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है।
नमाज के दौरान भोजशाला में हनुमान चालीसा पाठ
जुमे की नमाज के दौरान खसरा नंबर 612 पर मुस्लिम समाज के लोग नमाज अदा कर रहे थे। इसी दौरान भोजशाला परिसर में श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। शंखध्वनि और जयकारों के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रशासन ने दोनों स्थानों के बीच सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखते हुए आवाजाही नियंत्रित की।
एसपी बोले- शांतिपूर्ण रहा आयोजन
एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। नमाज स्थल और भोजशाला परिसर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल लगाया गया था। पूरे शहर में करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती रही।
एसपी ने बताया कि पूर्व में चिन्हित अन्य स्थानों को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी। ऐसे में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। एसपी ने जिलेवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।