बोर्ड लगे,रोशनी से जगमगाए प्लेटफॉर्म और चमचमाती पटरियां दे रहीं नए सफर की दस्तक; रेल सेवा शुरू होते ही बदलेगी स्टेशन की तस्वीर, सुनसान परिसर में गूंजेगी यात्रियों की आवाजाही
धार।वर्षों से रेलगाड़ी का इंतजार कर रहे धारवासियों के सपनों को अब पंख लगते नजर आ रहे हैं। धार रेलवे स्टेशन की तस्वीर तेजी से बदल रही है। स्टेशन पर लगे नए बोर्ड, रोशनी से जगमगाता परिसर, व्यवस्थित प्लेटफॉर्म और चमचमाती रेल पटरियां आने वाले सुनहरे सफर की कहानी बयां कर रही हैं। फिलहाल स्टेशन पर भले ही सन्नाटा पसरा हो, लेकिन यहां का नजारा देखकर साफ लगता है कि अब इंतजार अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है।
स्टेशन के कुछ दिलकश नजारे इन दिनों आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। प्लेटफॉर्म पर लगी लाइटें रात के अंधेरे में स्टेशन को अलग ही चमक दे रही हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए संकेतक बोर्ड और बिछी हुई पटरियां इस बात का अहसास करा रही हैं कि धार भी जल्द रेल नक्शे पर अपनी मजबूत पहचान बनाने जा रहा है। स्टेशन का सजा-संवरा स्वरूप देखकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता बढ़ रही है।

अभी यहां यात्रियों की भीड़ नहीं है, न प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार करते लोग दिखाई देते हैं और न ही रेलगाड़ी की आवाज सुनाई देती है। लेकिन यह खामोशी ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है। जैसे ही रेल सेवा शुरू होगी, यही स्टेशन यात्रियों की आवाजाही, अपनों के स्वागत और विदाई, सामान लेकर दौड़ते लोगों तथा ट्रेन की सीटी से गुलजार नजर आएगा।
धार के लोगों के लिए यह केवल एक रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि वर्षों की उम्मीदों और बेहतर आवागमन के सपने से जुड़ा पड़ाव है। रेल सुविधा शुरू होने से यात्रियों को आवागमन का नया विकल्प मिलेगा और क्षेत्र के विकास, व्यापार तथा पर्यटन को भी गति मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल पटरियां चमक रही हैं, प्लेटफॉर्म रोशनी से नहा रहे हैं और स्टेशन अपनी पहली ट्रेन के स्वागत में तैयार खड़ा है। अब धारवासियों को उस पल का इंतजार है, जब पहली रेलगाड़ी यहां पहुंचेगी और स्टेशन का सन्नाटा तालियों, सीटी और यात्रियों की चहल-पहल में बदल जाएगा।