← वापस
मध्यप्रदेश

उफनते नाले पर जान हथेली पर रखकर गुजर रहे ग्रामीण, चरनाल पुल पर बह रहा पानी; हादसे का खतरा बरकरार  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
उफनते नाले पर जान हथेली पर रखकर गुजर रहे ग्रामीण, चरनाल पुल पर बह रहा पानी; हादसे का खतरा बरकरार  

लगातार बारिश से पुल डूबा, ग्रामीण बोले- न बैरिकेडिंग, न निगरानी; मजबूरी में कर रहे आवागमन

सीहोर। जिले की श्यामपुर तहसील के चरनाल क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण चरनाल गांव के नाले पर बने पुल के ऊपर पानी बहने लगा है। इसके बावजूद ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार करने को मजबूर हैं। हालात यह हैं कि रोजमर्रा के काम, खेती-बाड़ी और जरूरी आवागमन के लिए लोगों के पास कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से वे उफनते नाले के बीच से गुजर रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुल पर पानी आने के बावजूद प्रशासन की ओर से न तो आवागमन रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है और न ही मौके पर सुरक्षा व्यवस्था या कर्मचारियों की तैनाती की गई है। उनका कहना है कि कई बार अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश का दौर जारी है और पुल पर पानी का बहाव लगातार बना हुआ है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल पर पानी रहने तक आवागमन पूरी तरह बंद कराया जाए, वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए और मौके पर निगरानी के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाए।

फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है, जबकि ग्रामीण हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर उफनते नाले को पार करने के लिए विवश हैं। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।

खबरें और भी हैं...