← वापस
उज्जैन

उज्जैन के टावर चौक पर दिनदहाड़े फायरिंग, अधेड़ के पेट में गोली; भागते समय आरोपी भी घायल होकर गिरफ्तार  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
उज्जैन के टावर चौक पर दिनदहाड़े फायरिंग, अधेड़ के पेट में गोली; भागते समय आरोपी भी घायल होकर गिरफ्तार

 

व्यस्त बाजार में चली गोली से मची अफरा-तफरी, पुलिस ने पीछा कर रेल पटरी के पास दबोचा; दोनों अस्पताल में भर्ती

   उज्जैन। शहर के सबसे व्यस्त टावर चौक पर शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े हुई फायरिंग से सनसनी फैल गई। भीड़भाड़ वाले बाजार में साथ चल रहे दो लोगों में से एक ने अचानक दूसरे पर गोली चला दी। गोली अधेड़ के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

  घायल की पहचान अब्दालपुरा निवासी आशुतोष सोनी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

   वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन माधव नगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचेरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसका पीछा किया। हीरा मिल की चाल के पास रेल पटरी के समीप भागते समय आरोपी गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

  सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभुलाल मालवीय, निवासी तराना, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस फायरिंग के कारणों और दोनों के बीच संबंधों की जांच कर रही है।

   प्रत्यक्षदर्शी पीयूष परमार के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में दहशत फैल गई और लोग दुकानों के भीतर तथा सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। घायल के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।

खबरें और भी हैं...