← वापस
उज्जैन

उज्जैन में एडीएम कार्यालय का बाबू 20 हजार की रिश्वत लेते पकड़ाया!

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
उज्जैन में एडीएम कार्यालय का बाबू 20 हजार की रिश्वत लेते पकड़ाया!

उज्ज्वला गैस कनेक्शन का मामला निपटाने मांगे थे 50 हजार रुपए; पहली किश्त लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा

उज्जैन। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू रोहित गोठवाल को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ लिया। आरोपी ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन से जुड़े प्रकरण का निराकरण करने और फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 50 हजार रुपए की मांग की थी। इसमें पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपए देना तय हुआ था।

    मामले के अनुसार नागदा के बिरलाग्राम निवासी बृजेश विश्वकर्मा ने लोकायुक्त पुलिस को शिकायत की थी कि उनकी माताजी के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन किसी अन्य व्यक्ति को अवैध रूप से आवंटित कर दिया गया। इस संबंध में उन्होंने कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में शिकायत की थी। खाद्य विभाग ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट एडीएम कार्यालय को भेज दी थी।

    आरोप है कि इस प्रकरण में उचित कार्रवाई करने और फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर बाबू रोहित गोठवाल लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। परेशान होकर बृजेश ने 29 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की। लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

  इसके बाद गुरुवार,5 नवंबर को लोकायुक्त निरीक्षक दीपक शेजवार के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही बाबू ने आवेदक से 20 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...