उज्जैनी रोड पर दहशत,क्रिसेंट वाटर पार्क के आगे ग्रामीण के घर तक पहुंचा वन्यजीव; रालामंडल और इंदौर रेंज की टीमें तलाश में जुटीं
इंदौर। शहर के ग्रामीण इलाके में तेंदुए की हलचल से दहशत फैल गई है। उज्जैनी रोड स्थित क्रिसेंट वाटर पार्क के आगे उमरिया क्षेत्र में ग्रामीण हरि ओम ठाकुर के घर के आंगन में तेंदुए के घुसने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो सुबह 6 बजकर 38 मिनट का है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की रालामंडल और इंदौर रेंज की क्षेत्रीय टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके में तेंदुए की तलाश शुरू कर दी। तेंदुए के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
घर तक पहुंचा तेंदुआ,ग्रामीणों में डर
ग्रामीण क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही आसपास के रहवासियों में भय का माहौल बन गया। घरों के आसपास वन्यजीव की हलचल को लेकर लोग सतर्क हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में तेंदुए के घर में घुसने की बात कही जा रही है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में सर्चिंग कर उसकी मौजूदगी और मूवमेंट का पता लगाने में जुटी है।
पहले भी सामने आती रही है तेंदुए की हलचल
उमरिया और आसपास का इलाका ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण यहां जंगल से वन्यजीवों की आवाजाही की आशंका बनी रहती है। स्थानीय स्तर पर पहले भी तेंदुए दिखाई देने की सूचनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में ताजा घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

सर्चिंग करती टीम
पिंजरा लगाने की तैयारी,लोगों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग की टीम तेंदुए की लोकेशन तलाश रही है। जरूरत पड़ने पर उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा। विभाग ने ग्रामीणों से अकेले बाहर नहीं निकलने, बच्चों और बुजुर्गों को अकेला नहीं छोड़ने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे घेरने की कोशिश नहीं करने की अपील की है। फिलहाल टीम की सर्चिंग जारी है।