इंदौर। डाक महिला संगठन इंदौर ने अपनी सदस्य स्वर्गीय उर्मिला सैनी की हत्या के आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर सोमवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय एवं संयोगितागंज थाने में ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि घटना से डाक विभाग की महिला कर्मचारी स्तब्ध और आक्रोशित हैं तथा आरोपी की जल्द गिरफ्तारी जरूरी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय की निरीक्षक एवं संगठन की सचिव नेहा भार्गव,विभिन्न डाक कार्यालयों की महिला कर्मचारी, संगठन की सदस्याएं,पीड़िता की बेटी और अन्य परिजन सहित करीब 50 महिलाएं मौजूद रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को घटना की गंभीरता से अवगत कराते हुए पीड़िता के बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की। संगठन ने दिवंगत उर्मिला सैनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और मामले में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई।