वाहन नहीं रुकने पर भड़का गुस्सा, रात में राहगीरों को बनाया निशाना; पूछताछ में कबूली वारदात
धार/धामनोद। गणेश घाट बायपास पर रात के अंधेरे में गुजरते वाहनों पर पत्थर बरसाकर तोड़फोड़ करने के मामले में धामनोद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वाहन चालकों द्वारा इशारे के बावजूद वाहन नहीं रोकने से नाराज युवकों ने सड़क से गुजर रहे वाहनों पर पत्थर फेंके थे। कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस भी निकाला।
घटना 27 सितंबर की रात नया बायपास रोड, गणेश घाट पर हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने सड़क से गुजर रहे वाहनों पर पत्थर फेंककर नुकसान पहुंचाया था। मामले में फरियादी योगेश पाटीदार की रिपोर्ट पर धामनोद थाने में प्रकरण दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धार सचिन शर्मा ने आरोपियों की जल्द पतारसी के निर्देश दिए। एएसपी विजय डावर और एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोषसिंह यादव के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने कोठिदा, पटेलपुरा खुर्द, पलाशमाल और उतावली में लगातार पूछताछ की और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
पूछताछ में सामने आई वजह
पुलिस ने मुकुट पिता कैलाश बुडिकया निवासी कोठिदा, पटेलपुरा और मनीष पिता दिनेश बुडिकया निवासी कोठिदा, पटेलपुरा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार दोनों ने बताया कि वे वाहनों को रोकने का प्रयास करते थे, लेकिन चालक वाहन नहीं रोकते थे। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने वाहनों पर पत्थर फेंककर तोड़फोड़ की। दोनों से पूछताछ जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।