फोन पर लेता था ऑर्डर, 3 से 4 हजार रुपये में बेचता था अलग-अलग फ्लेवर की प्रतिबंधित ई-सिगरेट; सप्लायर की तलाश शुरू
इंदौर। विजयनगर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित ई-सिगरेट की अवैध बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर शहर में चल रहे गुप्त नेटवर्क का खुलासा किया है। आरोपी फोन पर ऑर्डर लेकर ग्राहकों तक अलग-अलग फ्लेवर की ई-सिगरेट की डिलीवरी करता था। पुलिस ने ग्राहक बनकर जाल बिछाया और डिलीवरी के दौरान उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि विजयनगर क्षेत्र में प्रतिबंधित ई-सिगरेट की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ग्राहक बनकर आरोपी से संपर्क किया और ई-सिगरेट का ऑर्डर दिया। तय स्थान के अनुसार आरोपी सुमित नंद मैरियट होटल के सामने डिलीवरी देने पहुंचा, जहां पहले से तैनात पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चार प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद की गईं। पूछताछ में उसने बताया कि वह द्वारकापुरी क्षेत्र से मोटरसाइकिल पर निकलकर मोबाइल फोन के जरिए ऑर्डर लेता था और तीन से चार हजार रुपये प्रति ई-सिगरेट की कीमत पर अलग-अलग फ्लेवर ग्राहकों तक पहुंचाता था।
एडिशनल डीसीपी पराग सैनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य सप्लायर, अन्य सहयोगियों और नेटवर्क की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रतिबंधित उत्पादों की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।