← वापस
भोपाल

वीकेंड पर बड़े तालाब में सैलानियों का सैलाब, बोटिंग में सुरक्षा का ‘जैकेट’ जरूरी  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
वीकेंड पर बड़े तालाब में सैलानियों का सैलाब, बोटिंग में सुरक्षा का ‘जैकेट’ जरूरी

 

बोट क्लब पर सुबह से भीड़; बिना फिटनेस प्रमाणपत्र नाव उतारी तो लाइसेंस रद्द,क्षमता से ज्यादा सवारी पर भी होगी कार्रवाई

भोपाल। सुहाने मौसम और वीकेंड के चलते राजधानी का बड़ा तालाब शुक्रवार को सैलानियों से गुलजार रहा। बोट क्लब पर सुबह से ही शहरवासियों के साथ दूसरे राज्यों से आए पर्यटकों की भीड़ जुटी रही। कश्मीरी शिकारा, पैडल बोट और मोटर बोट पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। शिकारे में बैठकर भोजताल की खूबसूरती निहारने का अनुभव लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

   पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। ‘लाइफ जैकेट नहीं तो बोटिंग नहीं’ का नियम अनिवार्य किया गया है। बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र और नवीनीकृत लाइसेंस के किसी भी निजी नाव को तालाब में उतारने की अनुमति नहीं होगी।

   क्षमता से ज्यादा सवारी बैठाई तो लाइसेंस रद्द

     प्रशासन और नगर निगम ने बोट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नाव की निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को नहीं बैठाया जाए। किसी भी बोट में बिना लाइफ जैकेट यात्री मिले या क्षमता से अधिक सवारी बैठाई गई तो लाइसेंस तत्काल निरस्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

     बोट क्लब और शीतलदास की बगिया जैसे संवेदनशील घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। आपातकालीन बचाव दल और अतिरिक्त गोताखोर तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने पर्यटकों से पानी के बीच जाकर सेल्फी लेने जैसी लापरवाही से बचने और केवल अधिकृत काउंटर से टिकट लेने की अपील की है।

     सुबह 6 से रात 8 बजे तक बोटिंग

बोट क्लब पर सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक बोटिंग की सुविधा उपलब्ध है। पैडल बोट के लिए दरें समय और क्षमता के अनुसार 80 से 200 रुपए तक हैं। मोटर बोट और क्रूज के लिए 100 से 240 रुपए प्रति व्यक्ति, कश्मीरी शिकारा के लिए 4 लोगों का 300 और 6 लोगों का 450 रुपए किराया है। वॉटर साइकिल की 20 मिनट की सवारी 99 रुपए में उपलब्ध है।

  प्रशासन का साफ संदेश है—तालाब की खूबसूरती का आनंद लें, लेकिन सुरक्षा नियमों से समझौता नहीं करें।

खबरें और भी हैं...