धार। वन अपराधों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए वनमंडल धार में सातों वन परिक्षेत्रों के लिए उड़न दस्ता गठित किया गया है। उपवनमंडलाधिकारी धार की ओर से 28 सितंबर को जारी आदेश में 26 सितंबर से 4 दिसंबर 2026 तक कुल 70 दिनों का ड्यूटी चार्ट जारी किया गया है। धार, मांडव, धामनोद, सरदारपुर, बाग, टांडा और कुक्षी में दल 10-10 दिन के रोटेशन पर तैनात रहेगा। आदेश सामने आने के बाद वन अपराधों पर नियंत्रण की व्यवस्था और इसकी निगरानी को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
आदेश के मुताबिक हर परिक्षेत्र में उड़न दस्ता प्रभारी के साथ तीन वनकर्मी रहेंगे। वर्तमान रोस्टर में राजेन्द्र राठौर को सातों चरणों के लिए उड़न दस्ता प्रभारी बनाया गया है। धार में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर, मांडव में 6 से 15 अक्टूबर, धामनोद में 16 से 25 अक्टूबर, सरदारपुर में 26 अक्टूबर से 4 नवंबर, बाग में 5 से 14 नवंबर, टांडा में 15 से 24 नवंबर तथा कुक्षी में 25 नवंबर से 4 दिसंबर तक दल की ड्यूटी निर्धारित है।
आदेश में सख्ती बहुत, अब सवाल अमल का
आदेश में वन अपराध की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित रेंजर और जरूरत पड़ने पर उपवनमंडलाधिकारी को सूचना देने के निर्देश हैं। मौके पर जाने से पहले रेंज अधिकारी को सूचना देना और रोजनामचा में रवानगी दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। वन अपराध की कार्रवाई अकेले नहीं बल्कि संयुक्त रूप से करने की बात भी स्पष्ट की गई है।
इतना ही नहीं, निजी वाहन से कार्रवाई नहीं करने, शासकीय वाहन के उपयोग, वाहन की लॉगबुक रखने, मासिक डायरी प्रस्तुत करने और कार्रवाई के दौरान संबंधित बीट गार्ड की मौके पर मौजूदगी के निर्देश दिए गए हैं। वाहन के रूप में एमपी11-जेडए-3518 का उल्लेख किया गया है।
मीडिया को सूचना पर भी नियंत्रण
आदेश का सबसे महत्वपूर्ण बिंदु यह है कि वन अपराध दर्ज होने के बाद उड़न दस्ता सदस्य सीधे मीडिया प्रतिनिधियों को सूचना उपलब्ध नहीं कराएंगे। सूचना शासन द्वारा अधिकृत वनक्षेत्राधिकारी के माध्यम से दिए जाने की व्यवस्था की गई है। ऐसे में सवाल यह है कि वन अपराधों की जानकारी सार्वजनिक होने की प्रक्रिया कितनी पारदर्शी रहेगी और अधिकृत अधिकारी सूचना जारी करने में कितना समय लेंगे?
जारीकर्ता की जिम्मेदारी भी सवालों के घेरे में
उपवनमंडलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में अनुपस्थिति, लापरवाही और निर्देशों की अवहेलना पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि इन निर्देशों की निगरानी कौन करेगा और लापरवाही सामने आने पर जवाबदेही तय करने की व्यवस्था कितनी प्रभावी होगी? आदेश में रोजाना रोजनामचा, उपस्थिति और रवानगी दर्ज करने के निर्देश तो हैं, लेकिन इन रिकॉर्ड की नियमित समीक्षा और सार्वजनिक जवाबदेही की स्पष्ट प्रक्रिया दिखाई नहीं देती।
आदेश में यह भी कहा गया है कि दल को वन अपराध की सूचना नहीं मिलने पर संबंधित रेंज अधिकारी द्वारा सौंपे गए अन्य कार्य करने होंगे। इससे उड़न दस्ते की मूल जिम्मेदारी और अन्य कार्यों के बीच प्राथमिकता को लेकर भी सवाल उठता है।
वन अपराध रोकने के लिए सातों रेंज में विशेष दल की तैनाती निश्चित रूप से एक प्रशासनिक व्यवस्था है, लेकिन इसकी सफलता मैदानी कार्रवाई, सूचना पर त्वरित पहुंच, वाहन की उपलब्धता, रोजनामचा की निगरानी और कार्रवाई की पारदर्शिता पर निर्भर करेगी। अब देखना होगा कि 70 दिन के इस रोस्टर में उड़न दस्ता वास्तव में कितने वन अपराध पकड़ता है और कितनी कार्रवाई रिकॉर्ड में दर्ज होती है।
ये शामिल है उड़नदस्ते मे
1राजेन्द्र राठौर उड़न दस्ता प्रभारी सातों परिक्षेत्रों में रोटेशन
2 जितेन्द्र सिंह गौर वनपाल धार
3 नरर्गेश चौहान वनरक्षक
धार 4 राजेन्द्र सिंह राजपूत वनरक्षक
धार 5 राकेश चौधरी वनरक्षक
मांडव 6 रघु सोलंकी वनरक्षक मांडव
7 राहुल सोलंकी वनरक्षक मांडव
8 विक्रम सिंह चौहान वनपाल धामनोद
9 चन्द्रशेखर मिश्रा वनपाल
धामनोद 10
अरविन्द्र ओसारी वनरक्षक धामनोद
11अनिल हरोड़ सरदारपुर
12 नीरज सोनी वनरक्षक सरदारपुर
13 विजेन्द्र बामनिया सरदारपुर
14 राजेश यादव वनपाल
बाग 15 भारतसिंह रावत वनरक्षक बाग
16 जितेन्द्र मंडलोई वनरक्षक
बाग 17 राधासिंह सोलंकी वनपाल टांडा
18 रिकामसिंह चौहान वनपाल टांडा
19 नरेन्द्र राठौर वनरक्षक टांडा
20 राकेश तंवर वनरक्षक कुक्षी
21 विशाल अशाडे कुक्षी
22 दिनेश अलावा वनरक्षक
सबसे बड़ा सवाल : 70 दिन का उड़न दस्ता क्यों?
धार में अचानक 70 दिन का उड़न दस्ता क्यों तैनात करना पड़ा? आदेश में ‘वरिष्ठ के निर्देशानुसार’ लिखा है, तो क्या यह निर्देश इंदौर वनवृत्त के सीसीएफ पीएन मिश्रा की ओर से दिए गए? क्या इंदौर की लकड़ी मंडी में राज्यस्तरीय उड़नदस्ते की छापामार कार्रवाई के बाद धार में यह व्यवस्था लागू की गई? वहां भी फर्जी टीपी से जुड़े मामलों और लकड़ी के रिकॉर्ड की जांच सामने आने के बाद क्या विभाग ने धार में निगरानी बढ़ाई है क्या यहां भी फर्जी टीपी और आरा मशीनों पर अवैध गुटके फाचरो का चिरान हो रहा है?
सवाल यह भी कि क्या भोपाल स्तर से फटकार के बाद यह उड़न दस्ता गठित हुआ? यदि धार में विशेष उड़न दस्ता जरूरी है तो क्या पूरे इंदौर वनवृत्त की रेंजों में भी ऐसे दल बनाए जाएंगे? और सबसे अहम—जब सीसीएफ स्तर पर उड़न दस्ता व्यवस्था है तो फिर धार में अलग उड़न दस्ता क्यों? की चर्चा है।