← वापस
इंदौर

वन भूमि बचाने गई टीम पर हमला: जेसीबी फोड़ी, सरकारी वाहन में तोड़फोड़; हथियार लेकर वनकर्मियों के पीछे दौड़े अतिक्रमणकारी

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
वन भूमि बचाने गई टीम पर हमला: जेसीबी फोड़ी, सरकारी वाहन में तोड़फोड़; हथियार लेकर वनकर्मियों के पीछे दौड़े अतिक्रमणकारी

चोरल के रसकुंडिया वन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हिंसक हुई, वनरक्षक आनंद सिंह घायल

राजवाड़ा दर्पण इंदौर। चोरल रेंज के रसकुंडिया वन क्षेत्र में शासकीय वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर शनिवार को हमला हो गया जिसका विडियो सोसल मिडिया पर वाइरल हो रहा है। कार्रवाई का विरोध कर रहे अतिक्रमणकारियों ने अचानक हिंसक रूप धारण कर लिया और वन विभाग की दो जेसीबी मशीनों, एक सरकारी वाहन तथा एंबुलेंस में जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान वनकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। बताया जा रहा है कि हमलावर, तलवार,फालिया,एंव अन्य हथियार लेकर वन विभाग की टीम के पीछे दौड़े। इस हमले में वनरक्षक आनंद सिंह के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है, जबकि अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी चोटें आने की चर्चा आई हैं।

जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम शासकीय वन भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध किया और देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई। उपद्रवियों ने मशीनों और वाहनों को निशाना बनाते हुए भारी नुकसान पहुंचाया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूत्रों के मुताबिक घटना के समय रेंज के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। यह भी चर्चा है कि कार्रवाई के दौरान पर्याप्त सुरक्षा संसाधन और आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं थे। हमले के बाद पुलिस के देर से पहुंचने की बात भी सामने आ रही है,हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। वन विभाग और पुलिस ने हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा,तोड़फोड़, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

खबरें और भी हैं...