अमरवाड़ा। रात के अंधेरे में सागौन की चिरपट का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई में महिंद्रा बोलेरो पिकअप से 17 नग सागौन चिरपट जब्त की गई। जब्त लकड़ी की मात्रा 0.374 घनमीटर बताई गई है। वाहन को भी जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है।
वन विभाग के अनुसार पूर्व छिंदवाड़ा वन मंडलाधिकारी के निर्देश पर उप वन मंडलाधिकारी अमरवाड़ा और वन परिक्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में रात्रि गश्त की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि घोघरी रोड बायपास स्थित सोनी एलायमेंट के पास एक पिकअप में सागौन की चिरपट ले जाई जा रही है। टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को रोका और तलाशी ली। वाहन में सागौन की चिरपट मिलने पर उसे जब्त कर लिया गया।
मौके से कोआ नाला, चारनखापा निवासी राम प्रकाश बरसिया (53) और अरविंद बरसिया (30) को पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि सागौन की लकड़ी कहां से काटी गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
रात की गश्त में पकड़े गए
कार्रवाई में सहायक वन संरक्षक (प्रशिक्षु) एवं प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी ललित पाटीदार, कार्यवाहक वन क्षेत्रपाल सुखनंदन अतरामे, परिक्षेत्र सहायक पीएस परतेती, अरुण बनवारी, अरुण डेहरिया, वनपाल आदेश मर्सकोले सहित वनरक्षक मनीष ठाकुर, विष्णु प्रसाद ठाकुर, राजू वर्मा, कमलेश सूर्यवंशी, मोहसिन खान, संतोष पवार, संजय बादशाह, स्थायी कर्मी सिया लाल और समिति सदस्य शामिल रहे। विभाग ने कहा कि अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ गश्त और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।