← वापस
मध्यप्रदेश

वन समितियों को 20 करोड़ का लाभांश, चीतों के नए ठिकाने से बढ़ेगा पर्यटन

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
वन समितियों को 20 करोड़ का लाभांश, चीतों के नए ठिकाने से बढ़ेगा पर्यटन

मुख्यमंत्री बोले-वन्य जीव हमारे वनों के आभूषण, संरक्षण-संवर्धन का मिशन लगातार जारी रहेगा

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वन्य जीव हमारे वनों के आभूषण हैं और इन्हें संजोकर रखना हम सभी का दायित्व है। मध्यप्रदेश की धरती पर वन्य जीवों के संरक्षण और संवर्धन का मिशन लगातार जारी रहेगा। मुख्यमंत्री बुधवार को सागर जिले के रहली में वन्य जीव सप्ताह के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीतों नर व्योम और मादा नीरा को सुरक्षित बाड़े (सॉफ्ट रिलीज बोमा) में विमुक्त किया। उन्होंने चीता मित्रों और बाघिन दीदी से संवाद भी किया।

डॉ. यादव ने कहा कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान और गांधी सागर अभयारण्य के बाद अब नौरादेही टाइगर रिजर्व में चीतों को नया ठिकाना मिला है। बुंदेलखंड स्थित वीरांगना दुर्गावती अभयारण्य प्रदेश का तीसरा ऐसा क्षेत्र बन गया है, जहां चीते अनुकूल प्राकृतिक आवास में विचरण करेंगे। नौरादेही में पर्यटक अब एक ही रिजर्व में चीता और टाइगर दोनों देख सकेंगे। प्रदेश में चीतों की संख्या 60 तक पहुंच गई है।

वन समितियों को 20 करोड़ का लाभांश

वन्य जीव सप्ताह के समापन पर वन समितियों को लाभांश वितरित किया गया। नौरादेही टाइगर रिजर्व के आसपास पर्यटकों को घुमाने और सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली समितियों को कुल 80 करोड़ रुपए की आय में से 20 करोड़ रुपए लाभांश के रूप में दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार वन और वन्य प्राणियों के संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों के रोजगार पर भी जोर दे रही है। बफर जोन के आसपास होमस्टे को बढ़ावा दिया जा रहा है। ग्रामीण अपने घर में एक-दो कमरे होमस्टे के लिए तैयार कर स्वरोजगार से जुड़ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश में सबसे अधिक बाघ और गिद्धों की संख्या वाला राज्य है। जलचर, थलचर और नभचर जीवों के संरक्षण के प्रयासों से इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। नर्मदा नदी के मगरमच्छों के संरक्षण पर भी सरकार काम कर रही है।

खबरें और भी हैं...